मुख्यमंत्री ने किया मिशन शक्ति फेज-5.0 का शुभारंभ,अयोध्या में हुआ सीधा प्रसारण महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मिलेगा नया आयाम।

SHARE:

मुख्यमंत्री ने किया मिशन शक्ति फेज-5.0 का शुभारंभ,अयोध्या में हुआ सीधा प्रसारण
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मिलेगा नया आयाम।

अयोध्या।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन, लखनऊ में दीप प्रज्वलन कर मिशन शक्ति फेज-5.0 का भव्य शुभारंभ किया। यह अभियान राज्य भर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित है। इस अवसर पर प्रदेश के 1647 थानों में नव स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन और एसओपी पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया।मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण विकास भवन अयोध्या के एनआईसी सभागार में किया गया, जिसे सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, मंडलायुक्त राजेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित अन्य अधिकारियों ने देखा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं के लिए एक भयमुक्त, गरिमामय और आत्मनिर्भर समाज निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी का सशक्तिकरण ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना जैसी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिशन के मार्ग में बाधा उत्पन्न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मिशन शक्ति के नए चरण में पिछले चरणों के अनुभवों को जोड़ते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए नई योजनाएं शामिल की गई हैं।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला कल्याण से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment