दीपोत्सव से पहले पूरी हों सभी परियोजनाएं:डीएम फुंडे

SHARE:

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग की समीक्षा बैठक संपन्न, डीएम ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
दीपोत्सव से पहले पूरी हों सभी परियोजनाएं: डीएम फुंडे

अयोध्या।जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के फ्लैगशिप प्रोजेक्टों की जुलाई 2025 माह में जारी रैंकिंग के आधार पर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गति लाने और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्यदायी संस्थाएं जल्द से जल्द हैंडओवर करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं में एक से अधिक विभाग अथवा संस्थाएं शामिल हैं, वे आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाएं।
बैठक के दौरान जिन कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्टों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर ही कार्य को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रगति विवरणों को समय से संबंधित पोर्टल पर फीड कराना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं की निर्धारित पूर्णता तिथि सितंबर या अक्टूबर 2025 है, वे दीपोत्सव मेला 2025 से पहले हर हाल में पूर्ण हो जाएं, ताकि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में अयोध्या विकास प्राधिकरण, यूपीपीसीएल, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, पर्यटन विकास निगम, आवास एवं विकास परिषद, जल निगम नगरीय, राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड सहित अन्य विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, जिला अर्थ संख्याधिकारी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता, प्रोजेक्ट मैनेजर, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment