संविदा शिक्षक ने छात्रा को पीटा, विरोध करने पर छात्रों से भी की मारपीट।
छात्रा बेहोश होकर हुई अस्पताल में भर्ती, जिला अस्पताल किया गया रेफर
जनप्रतिनिधियों ने की कड़ी निंदा
अयोध्या।
बीकापुर क्षेत्र के भारती इंटर कॉलेज में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब 12वीं की एक छात्रा को वहीं संविदा पर पढ़ा रहे अध्यापक इंद्रसेन यादव ने डंडे से बेरहमी से पीट दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्रा जब नियमित पढ़ाई के लिए विद्यालय पहुंची, तभी किसी बात को लेकर शिक्षक ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
जब अन्य छात्रों ने इस घटना का विरोध किया तो अध्यापक ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। शिक्षक की पिटाई से छात्रा बेहोश हो गई, जिसे आनन-फानन में सीएचसी बीकापुर में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर छात्रा को जिला अस्पताल रेफर किया गया।इस घटना से छात्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। शहीद भगत सिंह स्मृति ट्रस्ट के चेयरमैन सत्यभान सिंह जनवादी और बीएसएनएल यूनियन के प्रांतीय सचिव तिलक राज तिवारी मौके पर पहुंचे और छात्रा व उसके परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना।
सत्यभान सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने उन्हें बताया कि विद्यालय में कार्यरत कई अध्यापक निजी कोचिंग चलाते हैं और छात्रों पर अपनी कोचिंग में पढ़ने का दबाव बनाते हैं। जो छात्र कोचिंग में नहीं जाते, उन्हें तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता है।इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करते हुए सत्यभान सिंह जनवादी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अवैध निजी कोचिंग संस्थानों को तत्काल बंद कराने और विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
तिलक राज तिवारी ने भी इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यदि ऐसे शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ जाएगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





