हाईवे पर कंटेनर में लगी आगः बाइकें भी जलकर हुईं खाक, हाईटेंशन तार से टकराने से हुआ हादसा।
संजय यादव,पूराकलंदर/अयोध्या
अयोध्या जनपद के थाना पूराकलंदर क्षेत्र में सोमवार को प्रयागराज हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। इलाहाबाद (प्रयागराज) से आ रहा बाइक लदा कंटेनर हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। तार से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते कंटेनर आग की लपटों में घिर गया। हादसा थाना पूरा कलंदर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन तब तक कंटेनर पूरी तरह जल चुका था। हालांकि, इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तार से टकराते ही तेज धमाके के साथ चिंगारी निकली और आग ने पूरे कंटेनर को घेर लिया। कंटेनर में रखी सभी बाइकें जलकर राख हो गईं। हादसा इतना अचानक था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम कई किलोमीटर तक फैल गया। यात्रियों और राहगीरों को घंटों फंसा रहना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत हाईवे पर रूट डायवर्जन कराया और वाहनों को इटावा वाले रास्ते से भेजना शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कंटेनर पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। यह देखा जाएगा कि कंटेनर की ऊंचाई के बावजूद चालक और परिवहन कंपनी ने सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की ऊंचाई की समीक्षा की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं। हादसे के बाद इलाके में भय का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं कि इस तरह की घटना कभी भी किसी और वाहन के साथ दोहराई जा सकती है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में कोई इंसानी जान नहीं गई। फिलहाल पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर दिया है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





