दीपोत्सव व परिक्रमा से पहले पूर्ण हों सभी निर्माण कार्य: मंडलायुक्त
अयोध्या।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के साथ लोक निर्माण विभाग, एनएच एवं एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने परिक्रमा मार्गों पर निर्माणाधीन कार्यों को दीपोत्सव एवं आगामी परिक्रमा से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण अथवा अन्य कारणों से कार्यों में विलंब हो रहा है, उनका शीघ्र समाधान कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण न करने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक में एनएच-27 से नयाघाट पुल तक धर्मपथ, बसखारी मार्ग पर मया बाजार फोर लेन बाईपास, बिल्हरघाट बंधा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण सहित बजरंग पथ व आस्था पथ आदि परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने कहा कि वर्षा ऋतु के कारण जिन कार्यों में देरी हुई है, उनमें अब तेजी लाई जाए और विशेष रूप से 84 कोसी, 14 कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्गों पर लम्बित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त एनएचएआई द्वारा निर्मित रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी जिलाधिकारी को तत्काल दें और उनके सहयोग से समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





