84 कोसी मार्ग और रिंग रोड परियोजना को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक,कार्य में तेजी लाने के निर्देश।
संजय यादव,अयोध्या।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग और रिंग रोड परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि 84 कोसी मार्ग से संबंधित भूमि के 80 प्रतिशत मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि तहसीलदार लेखपालों के साथ मिलकर लंबित कार्यों की समीक्षा करें और उन्हें प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। बैठक में मौजूद एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि रुदौली और मिल्कीपुर तहसीलों में निशानदेही का कार्य प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।रिंग रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अतिरिक्त भूमि के मूल्यांकन में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने और लंबित पत्रावलियों का निस्तारण करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी (एलए) ने अब तक की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





