35 करोड़ में पम्प हाउस और पाइप लाइन बिछाने का कार्य हुआ पूरा।

SHARE:

अयोध्या में योगी सरकार के तहत नगर विकास के कार्यों में तेजी।

जलवानपुरा में जल निकासी की समस्या का समाधान।

35 करोड़ में पम्प हाउस और पाइप लाइन बिछाने का कार्य हुआ पूरा।

क्षीर सागर में कराया जा रहा था कार्य, प्रथम चरण की हुई सफल टेस्टिंग।

संजय यादव,अयोध्या।

योगी सरकार के नेतृत्व में अयोध्या का कायाकल्प तेजी से हो रहा है। नगर के विकास के लिए चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स में जल निकासी की समस्या को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में जलवानपुरा और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। 35 करोड़ रुपये की लागत से पंप हाउस और तीन किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रथम चरण के तहत क्षीरसागर क्षेत्र में वर्षा जल निकासी के कार्य का ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
इस परियोजना से स्थानीय निवासियों को बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीन पर पंप हाउस के निर्माण के लिए रिटेनिंग वॉल और स्लैब का कार्य भी पूर्ण हो गया है। यह पंप हाउस जल निकासी की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाएगा। इस ट्रायल के दौरान जल निकासी व्यवस्था की कार्यक्षमता का आकलन किया गया और यह पाया गया कि यह प्रणाली भारी बारिश के दौरान भी प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।पम्प हाउस में 6 पम्प स्थापित है जिसमें 4 इलेक्ट्रिक पम्प (180 HP व 2 डीजल पम्प (254 HP) स्थापित किये गये हैं एवं स्थल पर क्षीर सागर तालाब से सोतिया नाले तक लगभग 3250.00 मी0 लम्बाई में दो पाईप लाइन डाली गई है। स्थल पर पम्प से जल निकासी का सफल परीक्षण किया गया है। इस परियोजना से श्री राम जन्म भूमि मन्दिर, अयोध्या धाम स्टेशन, बिड़ला धर्मशाला, कौशलेश कुंज व आसपास के क्षेत्रो को वर्षा जल भराव से मुक्ति मिलेगी व यात्रियों व श्रद्धालुओं को भी आवागमन मे सुगमता होगी।

*लोगों ने की सराहना*
इस प्रोजेक्ट को आवास और शहरी नियोजन विभाग ने अयोध्या विकास प्राधिकरण से बनवाया है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि पहले बारिश के दिनों में हमारे क्षेत्र में जलभराव की समस्या से काफी परेशानी होती थी। अब इस नए पंप हाउस और पाइपलाइन के कारण हमें राहत मिलेगी।

*सुंदरता व स्वच्छता में इजाफा: मंडलायुक्त*
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि यह परियोजना अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य अयोध्या को न केवल धार्मिक, बल्कि आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से न सिर्फ जल निकासी की समस्या हल होगी, बल्कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता में भी इजाफा होगा।

इस मौके पर अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, मंडलायुक्त गौरव दयाल, उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण अश्विनी कुमार पाण्डेय, सचिव हेम सिंह, अपर नगर आयुक्त (नगर निगम, अयोध्या) एवं अधिशासी अभियन्ता आलोक कुमार सिंह व राजपति यादव, प्रभारी अधिशासी अभियन्ता (नगर निगम) समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment