बकरीद और बड़े मंगल को लेकर प्रशासन सतर्क, जिला मजिस्ट्रेट ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

SHARE:

बकरीद और बड़े मंगल को लेकर प्रशासन सतर्क, जिला मजिस्ट्रेट ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

संजय यादव,अयोध्या।

जिले में आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने जानकारी दी कि इस वर्ष बकरीद का पर्व स्थानीय चंद्र दर्शन के अनुसार 7 या 8 जून को मनाया जाना संभावित है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के शिया-सुन्नी वर्ग द्वारा जनपद की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा की जाएगी और कुर्बानी की परंपरा निभाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बकरीद के साथ ही ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले बड़े मंगल के दिन होने वाले भंडारे और मंदिरों में पूजा-अर्चना के दौरान भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।
नगर व उप जिला मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, मुस्लिम धर्मगुरुओं और संबंधित कमेटियों से संवाद कर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नगर निगम और नगर पंचायतों को साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से सुअर और निराश्रित पशुओं को सार्वजनिक स्थानों से हटाने के लिए भी सख्त निर्देश जारी हुए हैं।
बिजली विभाग को जर्जर तारों और खंभों की मरम्मत, मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। संबंधित विभागों जैसे लोक निर्माण, विद्युत सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा आदि को भी आवश्यक कार्य पूर्व से ही निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।बकरीद और बड़े मंगल पर शिकायतों और समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष नंबर 05278-223753 है। कंट्रोल रूम में शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो आने वाली समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों के सहयोग से सुनिश्चित करेंगे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment