महिला सुरक्षा के लिए डिकॉय ऑपरेशन।
*सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों की पांच विशेष टीमों ने शहर के प्रमुख स्थलों पर की कार्रवाई, चार मनचले गिरफ्तार।*
चित्तौड़गढ़, 31 जुलाई 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में गुरुवार शाम को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात कर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के तहत पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन कर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़, फब्तियां कसने एवं अभद्र व्यवहार करने वाले चार मनचलों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
डिकॉय ऑपरेशन के तहत गठित प्रत्येक टीम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की दो-दो महिला कांस्टेबल सादे वस्त्रों में तैनात की गईं, जिनके साथ पुरुष पुलिसकर्मी भी सुरक्षा एवं कार्रवाई के लिए मौजूद रहे। टीमों ने शहर के प्रताप नगर चौराहा, रेलवे स्टेशन, दिल्ली गेट, चामटी खेड़ा चौराहा तथा अभिमन्यु पार्क जैसे संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। पार्क जैसे संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। महिला पुलिसकर्मियों ने आम छात्राओं एवं महिलाओं की तरह सामान्य रूप से इन स्थानों पर मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही कुछ युवकों द्वारा महिलाओं से अभद्र व्यवहार एवं फब्तियां कसने की घटनाएं सामने आईं, मौके पर मौजूद पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की तथा युवाओं को महिला सम्मान एवं कानून का पालन करने के संबंध में समझाइश भी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार के विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या अन्य आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा सकें।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





