आत्मा योजना एवं खेत बचाओ अभियान के तहत मुंडारा में किसान गोष्ठी आयोजित।
मुंडारा। गिरधारीलाल मेवाड़ा
आत्मा योजना एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत ग्राम मुंडारा स्थित करणी माता मंदिर परिसर में 100 कृषकों की किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों को आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों, विभागीय योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों के बारे में जागरूक करना था।किसान गोष्ठी में कृषकों को खरीफ फसलों की पूर्व तैयारी, गुणवत्तायुक्त बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा मौसम आधारित कृषि कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों एवं कृषक हितकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती के महत्व पर विशेष चर्चा करते हुए रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के कम उपयोग,जीवामृत, घनजीवामृत,बीजामृत तथा अन्य प्राकृतिक कृषि तकनीकों को अपनाने हेतु कृषकों को प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है तथा मिट्टी की उर्वरता एवं पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा, पाली प्रदीपकुमार छाजेड़ उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
तकनीकी सत्र में एस.एम.एस.केवीके पाली झाबरमल तेतरवाल एवं एस.एम.एस.केवीके पाली डॉ.अरविंदसिंह तेतरवाल ने खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती एवं प्राकृतिक खेती विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक कृषि विस्तार, बाली शंकरलाल,कृषि अधिकारी बाली नारायणराम गुर्जर,कृषि अधिकारी बाली भानुप्रतापसिंह हाड़ा, सहायक कृषि अधिकारी, बाली राजेन्द्रसिंह चम्पावत, सहायक कृषि अधिकारी, बाली कानसिंह चम्पावत, पूर्व सहायक कृषि अधिकारी बाली हरदयालसिंह चम्पावत , कृषि पर्यवेक्षक लुणावा संजयसिंह,तथा कृषि पर्यवेक्षक मुंडारा प्रतापराम बोराणा सहित क्षेत्र के लगभग सौ कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कृषकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का संदेश दिया गया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





