जानकीवर सदन के महंत बने लली लाल शरण, संतों की मौजूदगी में भव्य समारोह।

SHARE:

श्री जानकीवर सदन के महंत बने लली लाल शरण, संतों की मौजूदगी में भव्य समारोह

अयोध्या। त्रणमोचन परिक्रमा मार्ग स्थित श्री जानकीवर सदन मंदिर में सोमवार को भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लली लाल शरण महाराज को विधि-विधान के साथ महंत पद पर आसीन किया गया। साथ ही मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्रीसीताराम की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हुई।समारोह में अयोध्या के अनेक प्रमुख संत-महंत एवं धर्माचार्य मौजूद रहे। परंपरा अनुसार संतों ने लली लाल शरण महाराज को कंठी, चादर एवं तिलक अर्पित कर महंत पद की औपचारिक मान्यता प्रदान की।नव नियुक्त महंत लली लाल शरण महाराज ने संत समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिर के विकास, भगवान की सेवा, संतों के सम्मान तथा विद्यार्थियों व श्रद्धालुओं की सेवा को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सेवा को ही सर्वोच्च धर्म बताते हुए सभी से सेवा मार्ग अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान संत कमला बिहारी शरण महाराज ने आगंतुक संतों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। उपस्थित संतों ने प्रसाद ग्रहण कर नव महंत को आशीर्वाद प्रदान किया।इस अवसर पर सीताकांत सदन के महंत रामानुज शरण, ब्रह्मचारी रामसखी, महंत सियाराम शरण, वेदमंदिर के उत्तराधिकारी महंत कन्हैया दास, बैकुंठ धाम के युवराज स्वामी मदनमोहनाचार्य, रामजानकी मंदिर के महंत प्रेमदास, सदगुरु सदन के पुजारी अंबरीश शरण, मिथिला कुंज के महंत रमाकांत शरण, सियाराम किला से प्रहलाद शरण, हनुमानगढ़ी के महंत सिद्धार्थ दास, आनंद भवन के रामनंदन शरण, हनुमत भवन के अंबिकेश दास, अभिराम दास, रामकृपाल शरण, रामशिरोमणि दास सहित बड़ी संख्या में संत-महंत, धर्माचार्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment