चित्तौडगढ नरेन्द्र सेठिया
चित्तौड़गढ़ के पास बिलियाँ गांव में जमुनालाल भील के मकान के बाहर पड़ी एक पुरानी जाल में एक सांप बुरी तरह फंसा हुआ था । सांप को फंसा देख आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। तुरंत इसकी सूचना वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष मनीष तिवारी को दी गई।
सूचना मिलते ही समिति के सदस्य मुबारिक खान तुरंत मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद काले सांप को जाल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों को मुबारिक खान ने बताया कि यह कोबरा प्रजाति का सांप है, जो बेहद जहरीला होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को सांप काट ले, तो झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें, बल्कि तुरंत सरकारी अस्पताल जाएं, जहां स्नेक एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध होता है। सही समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है।
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन्यजीव संरक्षण टीम का आभार व्यक्त किया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





