श्री गौमुखी आश्रम के संत दामोदर दास शास्त्री की पुण्यतिथि पर भव्य भंडारे का आयोजन।
अयोध्या।
धर्मनगरी अयोध्या के रामघाट स्थित श्री रामलक्ष्मण कुंज (लवकुश नगर) में श्री गौमुखी आश्रम के सं पूज्य संत दामोदर दास शास्त्री जी महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों, महापुरुषों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्णतः आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चार और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस आयोजन के मुख्य आयोजक महंत दुर्गा दासी ने बताया कि भंडारे का उद्देश्य संत सेवा, समाज में समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की परंपरा में संतों की सेवा सर्वोपरि रही है, और इस तरह के आयोजन समाज को एकता का संदेश देते हैं।
भंडारे की विशेषता यह रही कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जो सामाजिक भाईचारे और समरसता का प्रतीक बना। भंडारे में शुद्ध घी से बने सात्विक और पारंपरिक व्यंजनों का वितरण किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा, जहां महंत दुर्गा दासी ने स्वयं सभी आगंतुकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। अयोध्या के विभिन्न अखाड़ों और मंदिरों के संत-महंतों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर छोटी छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, सहतवार मंदिर (बलिया) के महंत सुखदेव दास, परसा मंदिर के महंत करुणाकर दास, महंत अभिका दास (बाबा कल्लू दास), सुनील कुमार मिश्रा, परसा मन्दिर पुजारी, शास्त्री संदीपनि रामानुज दास, डा.लालता प्रसाद, श्यामू दास,मनोज राय, राम सुंदर दीक्षित एवं वैद्य अश्वनी कुमार पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





