तहसील दिवस पर डीएम-एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं, 130 में से 10 का मौके पर निस्तारण
अयोध्या। तहसील बीकापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 130 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लेखपाल एवं कानूनगो को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रकरणों की जांच कराई जाए तथा अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसके अलावा पेंशन, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, सड़क एवं सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विवादित मामलों में अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए।
ग्राम कटौना के एक शिकायतकर्ता ने तहसीलदार एवं लेखपाल पर धारा 67 के तहत अलग-अलग रिपोर्ट लगाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्रेया, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





