श्याम जगत की सुप्रसिद्ध गायिका निकुंज कामरा की स्वर लहरियों से गूंजेगा पाली
श्री श्याम मित्र मंडल का 25वां वार्षिकोत्सव आज से, भव्य पुष्प सज्जा से सजेगा श्याम दरबार
पाली, राज, :
पाली शहर में खाटू वाले श्री श्याम प्रभु की भक्ति का अद्भुत माहौल बनने जा रहा है। श्री श्याम मित्र मंडल, पाली द्वारा आयोजित 25वें वार्षिकोत्सव एवं भजन संध्या का शुभारंभ 11 मार्च से होगा। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में श्याम जगत की सुप्रसिद्ध भजन गायिका दिल्ली की निकुंज कामरा अपनी स्वर लहरियों से श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगी। आयोजन को लेकर शहर के श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
25 वर्षों से निरंतर जल रही श्याम भक्ति की ज्योति
मंडल अध्यक्ष शिवप्रकाश सर्राफ ने बताया कि करीब 28 वर्ष पूर्व कुछ श्रद्धालुओं द्वारा पाली में श्री श्याम मित्र मंडल की स्थापना की गई थी। उस समय शुरू हुई श्याम भक्ति की यह परंपरा आज एक बड़े धार्मिक आयोजन का स्वरूप ले चुकी है। मंडल द्वारा हर वर्ष भव्य वार्षिकोत्सव आयोजित कर भजन संध्या और संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष आयोजित हो रहा 25वां वार्षिकोत्सव विशेष महत्व रखता है और इसे भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
निकुंज कामरा के भजनों पर झूमेगा पाली
वार्षिकोत्सव के पहले दिन 11 मार्च को श्याम जगत की सुप्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा (दिल्ली) द्वारा भव्य भजन संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। उनके लोकप्रिय श्याम भजन देशभर में भक्तों के बीच काफी प्रसिद्ध हैं। आयोजन के दौरान उनके भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु पूरी रात श्याम नाम का संकीर्तन करते हुए भक्ति में लीन रहेंगे।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश निःशुल्क पास के माध्यम से रखा गया है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
भव्य पुष्प सज्जा से सजेगा श्याम दरबार
आयोजन के दौरान श्याम प्रभु का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से आए कुशल पुष्प सज्जाकारों द्वारा विशेष सजावट की जा रही है। दरबार को देशी-विदेशी फूलों से आकर्षक रूप दिया जाएगा, जिससे पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आएगा।
इसके साथ ही श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के प्रसाद एवं भोग अर्पित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं के लिए भक्तिमय वातावरण तैयार किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों में जुटे मंडल के सदस्य
वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्य पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंडल के सज्जन चौधरी, अरुण लडिया, राजीव डालमिया, नितेश सर्राफ, ललित पोद्दार, निखिल मुरारका, प्रतीक अग्रवाल, रवि अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अनु अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मोनिका डालमिया, मीनू पोहार, दिव्या सर्राफ, निक्की मुरारका और अमन चौधरी सहित कई सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मंडल पदाधिकारियों ने पाली सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस भव्य भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्याम प्रभु के भक्ति रस का आनंद लेने का आह्वान किया है।
12 मार्च को कोलकाता के शुभम-रूपम करेंगे भजन संध्या
वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन 12 मार्च को सायं 7:30 बजे से अग्रसेन वाटिका में कोलकाता के प्रसिद्ध श्याम भजन गायक शुभम-रूपम द्वारा भव्य भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। दोनों कलाकार अपने लोकप्रिय भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति के रंग में रंग देंगे। आयोजकों के अनुसार इस दो दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





