सीडीओ की अध्यक्षता में श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा, ई-श्रम पोर्टल पर अधिक पंजीकरण के निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना, ई-श्रम पोर्टल, जीरो पावर्टी अभियान, जिला श्रम बन्धु, बाल एवं बंधुवा श्रम उन्मूलन तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना (लेबर अड्डा) के संचालन एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर कराया जाए, ताकि उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना व प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिया कि श्रमिक सुविधा केंद्र के निर्माण के लिए निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन कराया जाए, जिससे श्रमिकों को एक ही स्थान पर पंजीकरण, जानकारी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
साथ ही बाल श्रम और बंधुवा श्रम उन्मूलन के लिए लगातार निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
बैठक में सहायक श्रम आयुक्त एन.के. चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





