कोलकाता के व्यापारी से अयोध्या में आश्रम निर्माण के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप।

SHARE:

कोलकाता के व्यापारी से अयोध्या में आश्रम निर्माण के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

अयोध्या। कोलकाता निवासी एक व्यापारी के साथ अयोध्या में जमीन दिलाने के नाम पर छल और जालसाजी का मामला सामने आया है। पीड़ित राकेश जायसवाल पुत्र स्व. बद्री प्रसाद जायसवाल, निवासी 2/ए जोगी पाड़ा वाई लेन, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) ने आरोप लगाया है कि आश्रम निर्माण के उद्देश्य से जमीन खरीदने के दौरान उनसे लाखों रुपये हड़प लिए गए।पीड़ित के अनुसार वह मूल रूप से कोलकाता का व्यापारी है और सनातन धर्म से जुड़ा हुआ है। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आश्रम निर्माण की इच्छा से वह यहां भूमि की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पूज्य महंत श्री जानकी दास जी महाराज से हुई, जिन्होंने उसे शाकुन्तलम डेवलपर ग्रुप से जुड़े कुछ लोगों से मिलवाया।
आरोप है कि शाकुन्तलम डेवलपर ग्रुप के संचालक सूर्यांश चतुर्वेदी निवासी भीखापुर, अनुराग द्विवेदी निवासी दीनदयाल नगर देवकाली बाईपास (अब दिवंगत) और नागेंद्र सिंह निवासी रामपुर सरधा ने मिलकर पीड़ित को ग्राम शाहनवाजपुर स्थित भूमि दिखाई और उसे अपने ग्रुप के एग्रीमेंट की जमीन बताया। इसके बाद संबंधित कागजात दिखाकर 2160 वर्गफुट भूमि का बैनामा कराया गया।पीड़ित का कहना है कि इसके बाद चहारदीवारी निर्माण के नाम पर उससे 21 हजार रुपये लिए गए। साथ ही एक अन्य जमीन दिलाने का झांसा देकर फरवरी 2022 में अलग-अलग माध्यमों से बैंक ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए उससे करीब 16 लाख रुपये ले लिए गए। बाद में न तो दूसरी जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रकम वापस की गई।पीड़ित राकेश जायसवाल ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की है और न्याय की गुहार लगाई है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment