राज्यपाल ने अयोध्या में श्री गणपति सच्चिदानंद आश्रम की 104वीं शाखा का विधिवत शुभारंभ किया।
अयोध्या।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जनपद अयोध्या स्थित श्री गणपति सच्चिदानंद आश्रम की 104वीं शाखा का यज्ञ में आहुति देकर विधिवत शुभारंभ किया और मंचासीन रामदरबार की प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किया।इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि अयोध्या, जो सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है, अब सामाजिक उत्थान के नए अध्याय की साक्षी बन रही है। उन्होंने मातृशक्ति और बालशक्ति के सशक्तीकरण के लिए राजभवन की पहल का उल्लेख किया, जिसके तहत जनपद अयोध्या में अब तक लगभग 2400 आंगनबाड़ी किट वितरित की जा चुकी हैं और 70 नए आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए गए हैं।
राज्यपाल ने शिक्षा क्षेत्र में नवाचारों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों द्वारा गोद लिए गए ग्रामों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए डिजिटल शिक्षा के नए द्वार खुल रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी राजभवन की पहल से सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक 40 हजार से अधिक बेटियों का टीकाकरण किया गया है।
आश्रम के संस्थापक पूज्य श्री गणपति सच्चिदानंद स्वामी जी, उत्तराधिकारी श्री दत्त विजयानंद तीर्थ स्वामी जी, संत समाज, अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में यह शुभारंभ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





