सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सर्वोपरि : अजय प्रकाश
महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 47वें प्रांतीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ।
अयोध्या।
विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है और ऐसी शिक्षा आवश्यक है जो आत्मज्ञान की ओर ले जाए। और यह संभव है योग, ध्यान, चेतना और मूल्यपरक शिक्षा के माध्यम से । यह विचार महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने व्यक्त किए। वे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 47वें प्रांतीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि मानव चेतना की सात अवस्थाएँ होती हैं। सामान्यतः जागरण, स्वप्न और निद्रा तक ही जीवन सीमित रह जाता है, जबकि ध्यान और योग के अभ्यास से उच्च चेतना की अवस्थाओं तक पहुँचा जा सकता है। भावातीत ध्यान विद्यार्थियों में बौद्धिक क्षमता, अनुशासन, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से आह्वान किया कि वे विद्यालयों में योग और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि ज्ञान का दान सर्वोच्च कर्म है और प्रधानाचार्य समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब शिक्षा सशक्त होती है, तब सांस्कृतिक, वैचारिक और आध्यात्मिक मूल्यों का स्वतः संवर्धन होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रांतीय सम्मेलन प्रधानाचार्यों के हितों की रक्षा और शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका सर्वाधिक है और महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय इस दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहा है। उद्घाटन सत्र को परिषद के संरक्षकगण तथा जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या डॉ. पवन कुमार तिवारी ने भी संबोधित किया।
स्वागत संबोधन आयोजन संयोजक डॉ. मणि शंकर तिवारी और रामायण विश्वविद्यालय के डायरेक्टर डॉ रतीश गुप्ता ने दिया उन्होंने कहा कि गवर्निंग बॉडी के सदस्य राहुल भारद्वाज और पंकज शर्मा के निर्देशन में भविष्य में इस तरह के और भी कार्यक्रम कराए जाएंगे । कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महामंत्री रविंद्र त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री राम प्रिया शरण सिंह ने प्रस्तुत किया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 400 से अधिक प्रधानाचार्यों ने सहभागिता की।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





