सरकार के सख्त निर्देश के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट।

SHARE:

अस्पतालों में मरीजों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
सर्दी की दस्तक, व्यापक तैयारियों से उतरा स्वास्थ्य विभाग
मरीजों को ठंड से बचाने के लिए सीएचसी पीएचसी पर किए बचाव के इंतजाम
सरकार के सख्त निर्देश के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट

अयोध्या। जैसे-जैसे दिसंबर की ठिठुरन बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग सर्दी जनित बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कोल्ड वेव और शीतलहर को देखते हुए जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक हर स्तर पर व्यापक इंतजाम कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चल रही इस विशेष तैयारी का अयोध्या में साफ असर दिख रहा है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि जिले की सभी 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयल इमरशन हीटर लगवा दिए गए हैं। इसके अलावा नवजात शिशु वार्ड, प्रसव कक्ष और ऑपरेशन थिएटर में भी विशेष हीटर की व्यवस्था की गई है, ताकि नवजात बच्चों और मरीजों को ठंड से बचाया जा सके। बच्चों और बुजुर्गों पर सर्दी का सबसे ज्यादा असर पड़ता है। इसलिए इन वार्डों को पूरी तरह गर्म रखने के लिए अलग से हीटर रखवाए गए हैं। दवाओं की कोई कमी न रहे, इसके लिए भी खास ध्यान दिया गया है। सर्दी-जुकाम, निमोनिया, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों की सभी जरूरी दवाइयां जिला अस्पताल, सीएचसी के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तक पर्याप्त मात्रा में पहुंचा दी गई हैं। मरीजों को मोटे गर्म कंबल भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अस्पतालों की पुरानी इमारतों में जहां खिड़कियां टूटी हुई थीं या खुली रहती थीं, उन्हें बंद कराने और मरम्मत कराने का काम तेजी से चल रहा है।
डिस्ट्रिक्ट एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी आशा बहनें घर-घर जाकर लोगों को शीतलहर से बचाव के उपाय बताएंगी। गर्म कपड़े पहनना, बच्चों को ठंड से बचाना, बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना, रात में अलाव जलाना जैसे संदेश घर-घर पहुंचाए जा रहे हैं। शासन से आए बैनर-पोस्टर सभी स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों में लगाए जा रहे हैं।
सीएमओ कार्यालय में एक बार फिर से कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया है। शीतलहर को लेकर रोजाना दोपहर दो बजे शासन को रिपोर्ट भेजी जाती है। कोल्ड रूम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अजित सिंह व एसपी यादव को लगाया गया है।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और सतर्क है ताकि सर्दी के मौसम में किसी भी मरीज को परेशानी न हो। ठंड अभी और बढ़नी बाकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां देखकर लगता है कि इस बार अयोध्या की जनता को सर्दी से डरने की जरूरत नहीं है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment