फार्मासिस्ट की कुर्सी पर बैठा अनाधिकृत, डॉक्टर मौन!
-जिला अस्पताल में फिर बेनकाब हुई लापरवाही, सीएमएस की नाक के नीचे चल रही दलाली
अयोध्या: रामनगरी के जिला अस्पताल में एक बार फिर प्रशासनिक मिलीभगत और घोर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोमवार देर रात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें इमरजेंसी फार्मेसी काउंटर पर फार्मासिस्ट की सीट पर एक अनाधिकृत युवक बैठा हुआ साफ दिखाई दे रहा है। वह रजिस्टर भर रहा है। उसका नाम रामेंद्र बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि ठीक बगल में अस्पताल के ईएमओ डॉ. वीरेंद्र वर्मा भी बैठे हुए हैं, लेकिन उन्होंने इस गैरकानूनी गतिविधि पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह की नाक के नीचे यह दलाली और अवैध कामकाज खुलेआम चल रहा है। सूत्रों का दावा है कि यह युवक न तो अस्पताल का कोई कर्मचारी है और न ही उसके पास फार्मासिस्ट की कोई वैध डिग्री या अनुमति है। फिर भी वह मरीजों को दवाइयां जारी करने का काम कर रहा था।
यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले ही जिला अस्पताल में फर्जी डिग्री धारी डॉक्टर विनोद सिंह का मामला उजागर हुआ था, जिसने पूरे विभाग की पोल खोल दी थी। इसके अलावा हाल ही में ओपीडी नंबर-3 में भी एप्रन पहने एक बाहरी युवक की तस्वीर वायरल हुई थी, जो मरीजों का इलाज करते पकड़ा गया था।
अस्पताल के अंदर यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले ये तथाकथित दलाल और फर्जी स्टाफ खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी या तो अनजान बने हुए हैं या मिलीभगत कर रहे हैं।
वायरल तस्वीर के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक रामलला की नगरी में मरीजों की जान के साथ यह खिलवाड़ चलता रहेगा?
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





