हनुमान बाग में गूंजी किष्किंधा और सुंदर कांड की महिमा।

SHARE:

हनुमान बाग में गूंजी किष्किंधा और सुंदर कांड की महिमा
किरीट भाई जी ने बताया हनुमान जी की विशेष पूजन विधि, अंधविश्वास से दूर रहने की अपील

अयोध्या। रामबाग निकट जानकी महल स्थित हनुमान बाग परिसर में चल रहे धार्मिक आयोजन में आज भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पूज्य ब्रह्मर्षि किरीट भाई जी ने कथा प्रसंग के दौरान किष्किंधा कांड और सुंदर कांड के दिव्य संदेशों का विस्तृत वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को हनुमान जी के चरित्र से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की भक्ति में शक्ति और विवेक का अद्भुत संगम है, जिसे जीवन में अपनाने से सभी कठिनाइयाँ सरल हो जाती हैं।
प्रवचन के दौरान किरीट भाई जी ने समाज में फैले अंधविश्वासों पर भी कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि टोना-टोटका और झूठे पाखंडों में विश्वास करना धर्म नहीं है। उन्होंने भक्तों से आग्रह किया कि वे किसी के कहने पर नहीं, बल्कि अपने श्रद्धा और विवेक पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा पाने के लिए पाखंड नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति और निष्काम कर्म आवश्यक है। हनुमान जी की विशेष पूजन विधि का वर्णन
कथा के दौरान किरीट भाई जी ने पवनपुत्र हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने की एक विशेष पूजन विधि भी बताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भक्त निम्न विधि से पूजन करें
अर्घ्य और लेपन: चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर हनुमान जी को अर्पित करें।
वस्त्र और यज्ञोपवीत: मूंज घास का जनेऊ (यज्ञोपवीत) अर्पित करें।
भोग: गुड़ और चने का भोग लगाएं।
अन्य सामग्री: धूप, दीप और मौसमी फल अर्पित करें।
किरीट जी ने बताया कि यदि यह विधि लगातार 40 मंगलवार तक सच्ची श्रद्धा से की जाए, तो साधक अपने जीवन में चमत्कारी परिवर्तन का अनुभव करेगा और बजरंगबली की विशेष कृपा प्राप्त करेगा।इस अवसर पर माधुरी दीक्षित परिवार, कुसुम जैन, करुणा गुप्ता, अमर चंदा परीक, और सुषमा सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment