मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा/कार्तिक मेला 2025 को सुरक्षित सम्पन्न कराने की समीक्षा बैठक
अयोध्या।
आगामी 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा/कार्तिक मेला 2025 को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने हेतु मण्डलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयुक्त सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने परिक्रमा मार्ग के रख-रखाव और यात्री सुविधा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग के दोनों ओर पड़ी निर्माण सामग्री तुरंत हटाई जाए तथा गिट्टियां उखड़ी हुई जगहों पर बालू डालकर मार्ग को परिक्रमार्थियों के लिए सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने मार्ग में क्षतिग्रस्त स्थायी विद्युत/प्रकाश व्यवस्था के स्थानों पर अस्थायी प्रकाश की व्यवस्था कराने और गड्ढों पर पर्याप्त बेरीकेटिंग करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, उन्होंने अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशन के मालगाड़ी डायवर्जन पर समीक्षा की और श्रद्वालुओं के आवागमन हेतु पर्याप्त बस और रेलगाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर निगम के अधिकारियों को मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और सफाई कर्मियों की व्यवस्था करने के साथ-साथ उनकी निगरानी करने के लिए भी निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल टीमों की तैनाती और पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने रेलवे क्रासिंगों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ रेलवे अधिकारियों की तैनाती पर जोर देते हुए, क्रासिंग संचालन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने परिक्रमा मार्ग पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने और ऐतिहासिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर ने सभी ड्यूटी स्थलों पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर/मेलाधिकारी योगानंद पांडेय ने परिक्रमा/कार्तिक मेला में विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में एडीआरएम, आरएम रोडवेज और संबंधित रेलवे अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





