दीपोत्सव के लिए लखीमपुर से आए गो गोबर के 25 हजार दीपक।
बीडीओ संदीप के नेतृत्व में आए प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को सौंपा
इको फ्रेंडली दीपक प्रदूषण मुक्त बनाएंगे दीपोत्सव को
अयोध्या। अयोध्या के भव्य दीपोत्सव में लखीमपुर की मिट्टी एवं गो गोबर से बने दीए अयोध्याधाम में रोशनी बिखरेंगे। नगर निगम कार्यालय में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी को 25 हजार दीपक लखीमपुर के धौरहरा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार तिवारी ने सौंपा। महापौर ने इसके लिए लखीममपुर की जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव जनसहभागिता और स्वावलंबन का उत्सव है। लखीमपुर की महिलाओं ने इस अभियान में जो योगदान दिया है, वह प्रेरित करने वाला है। ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और सृजनशीलता से तैयार दीए अब अयोध्या की पवित्र भूमि पर प्रज्ज्वलित होकर आत्मनिर्भर भारत की ज्योति जलाएंगें। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने दीयों को हस्तगत करने के साथ ही लखीमपुर जिले की इस पहल का स्वागत किया।
लखीमपुर से आए बीडीओ संदीप तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इकोफ्रेंडली दीपोत्सव मनाने के संकल्प को साकार करने में लखीमपुर जिले ने भी हिस्सेदारी की है। वहां की मिट्टी एवं गाय के गोबर में जड़ी-बूटी की खुशबू मिलाकर दो माह में 25 हजार दीपक तैयार किए गए हैं। इस दीपक को तैयार करने आकांक्षी ब्लॉक धौरहरा की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने विकास भवन परिसर से इन इकोफ्रेंडली दीयों से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संदीप कुमार ने बताया कि महिलाओं ने कुछ ही दिनों में गोबर से इतने सुंदर व पर्यावरण हितैषी दीए तैयार किए हैं, जिनसे न केवल आमदनी में वृद्धि हुई, बल्कि आत्मनिर्भरता का दीप भी जला।
इस मौके पर उपसभापति राजेश गौड़, पूर्व उप सभापति जयनरायन सिंह रिंकू, पार्षद बृजेंद्र सिंह, अनुज दास, अनिल सिंह, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, अजय पांडेय, धर्मेश मिश्र, अभिनव, सौरभ सूर्यवंशी, रामशंकर आदि मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





