विकास कार्यो का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण,कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।

SHARE:

विकास कार्यो का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण,कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।

अयोध्या।

शहर के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अधिकारियों की टीम के साथ मंगलवार देर शाम अयोध्या की प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुण्ड, सरयू आरती स्थल और राम की पैड़ी जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति का आकलन किया गया।
बृहस्पति कुण्ड: सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बृहस्पति कुण्ड पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गेट पर लगी टेढ़ी लाइट्स को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। दक्षिण भारतीय कवियों की प्रतिमाओं के पेडेस्टल पर पत्थर लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने, सीढ़ियों पर लगी लाइट्स की टेस्टिंग कराने और टॉयलेट की सफाई व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया। परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को इन सभी कार्यों में तत्परता लाने के निर्देश दिए गए।
राम की पैड़ी: विजिटर गैलरी व सेल्फी प्वाइंट का निर्माण शुरू
राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के निर्माण को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। कार्य मई 2025 में प्रारंभ होकर मई 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्तंभ, स्टेज, स्टेप, पाथवे, प्लेटफार्म, स्टोन दीया और स्टोन प्लान्टर का कार्य प्रगति पर है। सचिव, अयोध्या विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया कि फसाड डिजाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर एकरूपता सुनिश्चित करें। वहीं पत्थर लगाने के कार्य में तेजी लाने हेतु सहायक परियोजना प्रबंधक को मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राम की पैड़ी और घाटों से अतिक्रमण हटाने के लिए सहायक नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया।
सरयू आरती स्थल: दीपोत्सव से पहले पूर्ण हो कार्य
सरयू नदी के नया घाट से लक्ष्मण घाट तक पर्यटन सुविधाओं के विकास व सौंदर्यीकरण की परियोजना की समीक्षा की गई। कार्य नवंबर 2023 में शुरू होकर जुलाई 2025 तक पूर्ण होना था, लेकिन कार्य की गति धीमी रही है। निरीक्षण के समय पाथवे, आरती स्थल, छतरी में फ्लोरिंग और स्टेप पर पत्थर लगाने का कार्य प्रगति पर पाया गया। नदी का जलस्तर घटने से जमा सिल्ट को हटाने के निर्देश दिए गए। दीपोत्सव से पूर्व पेबल डिजाइन व विद्युत तारों की स्थिति सुधारने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
अधिकारियों की रही सक्रिय मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय, अपर नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार, अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव हेम सिंह, राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक आर.के. यादव, प्रांतीय खंड लोनिवि के अधिशासी अभियंता सत्य प्रकाश भारतीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment