परिक्रमा मार्ग निर्माण कार्य की मंडलायुक्त ने की समीक्षा, अक्टूबर 2025 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने विगत देर शाम जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के साथ निर्माणाधीन चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य भूमि/भवन अधिग्रहण से जुड़ी बाधाओं के निस्तारण और मार्ग निर्माण की प्रगति की समीक्षा करना था।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय, उप जिलाधिकारी (सदर) राम प्रसाद त्रिपाठी तथा निर्माण खण्ड-3, लोक निर्माण विभाग अयोध्या के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता द्वारा निर्माण मार्ग के संरेखण में आ रही भूमि व भवन संबंधी बाधाओं की जानकारी दी गई। इस पर मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता व उप जिलाधिकारी (सदर) को निर्देशित किया कि जहां-जहां भूमि बैनामे हो चुके हैं और भवनों या बाउंड्रीवाल का ध्वस्तीकरण शेष है, वहां राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा एनाउंसमेंट कराते हुए नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।मंडलायुक्त ने परिक्रमा मार्ग निर्माण कार्य की गति तेज करने हेतु मैनपावर और आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था बढ़ाने तथा मार्ग पर डिवाइडर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जल निगम को निर्देशित किया गया कि जनौरा अंडरपास से उदया तिराहा तक शेष सीवर लाइन और वाटर सप्लाई लाइन के कार्यों को अविलंब पूर्ण कर मार्ग लोक निर्माण विभाग को सौंपें।
सभी संबंधित विभागों—लोक निर्माण विभाग, जल निगम व अन्य को आपसी समन्वय स्थापित कर परिक्रमा मार्ग निर्माण को गुणवत्ता व मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि आगामी अक्टूबर 2025 में आयोजित होने वाले प्रांतीयकृत दीपोत्सव, चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मेलों से पूर्व मार्ग निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे मेला आयोजन समय से व सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





