84 कोसी व रिंग रोड निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।

SHARE:

84 कोसी व रिंग रोड निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
जुलाई अंत तक 80 प्रतिशत भूमि भुगतान सुनिश्चित करें :
जिलाधिकारी

अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में सोमवार को 84 कोसी परिक्रमा मार्ग और रिंग रोड परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दोनों परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्य में गति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
84 कोसी मार्ग पर भूमि भुगतान में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जुलाई माह के अंत तक 84 कोसी मार्ग में अधिग्रहित की जा रही भूमि का कम से कम 80 प्रतिशत भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लेखपालों के साथ बैठक कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्य शीघ्र प्रारंभ हो
बैठक में मौजूद नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने आवश्यक निशानदेही कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।रिंग रोड के लिए अतिरिक्त भूमि का मूल्यांकन जल्द करें
रिंग रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को 7 गांवों की अतिरिक्त भूमि का मूल्यांकन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी (एल.ए.) ने जानकारी दी कि रिंग रोड के अंतर्गत कुल 17 अतिरिक्त गांवों की भूमि का संपत्ति मूल्यांकन कराया जाना है, जिनमें से अब तक 10 गांवों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है।
लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी फुंडे ने बैठक के समापन पर सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, जिससे दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं – 84 कोसी परिक्रमा मार्ग और रिंग रोड – के निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाई जा सके।बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी एल.ए., संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नेशनल हाईवे व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment