महिला जनसुनवाई में 23 मामलों की हुई सुनवाई, 8 का हुआ त्वरित निस्तारण।
संजय यादव,अयोध्या।
सर्किट हाउस में आज उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ऋतु शाही की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और उन्हें जागरूक करना रहा। सदस्य श्रीमती ऋतु शाही ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कुल 23 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 08 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष 15 प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, मारपीट, पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें, अवैध कब्जे, दहेज उत्पीड़न एवं अन्य गंभीर मुद्दे सामने आए। श्रीमती शाही ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए न्यायोचित समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 112, 1098 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर पीड़ित महिलाएं तत्काल मदद प्राप्त कर सकती हैं। इन हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाता है।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, महिला थाना प्रभारी, बाल विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





