अयोध्या के दशरथ महल में दिव्य फूल बंगला झांकी का अलौकिक आयोजन,संत समाज हुआ मंत्रमुग्ध।
संजय यादव अयोध्या
धर्मनगरी अयोध्या में स्थित राजा दशरथ जी के विशाल महल में आज भगवान के दिव्य फूल बंगला झांकी का मनमोहक आयोजन किया गया, जिसने समस्त भक्तगणों और उपस्थित संत समाज को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ा स्थान के महंत बिंदुगद्याचार्य देवेंद्र प्रसादाचार्य के सानिध्य में हुए इस भव्य आयोजन से पूरा दशरथ महल परिसर भगवान के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो उठा। यह पुनीत अवसर कई प्रमुख संत-महात्माओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति से और भी गरिमामय हो गया। संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य संत संजय दास महाराज और माननीय नेता ब्रिज भूषण शरण सिंह विशेष रूप से इस कार्यक्रम में मौजूद थे। इनके अतिरिक्त, बड़ा स्थान के महंत पूज्य बिंदुगद्याचार्य देवेंद्रप्रसादाचार्य महाराज, पूर्व प्रधानमंत्री तीनों अनी अखाड़ा महंत माधव दास महाराज, मंगल भवन के महंत कृपालु राम भूषण दास महाराज, बाबा बलराम दास महाराज, और पुजारी हेमन्त दास महाराज सहित बड़ी संख्या में साधु-संतों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सभी उपस्थित धर्माचार्यों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान श्री राजा राम जी के सपरिवार श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दिव्य फूल बंगला झांकी की अलौकिक छटा ने सभी भक्तों और उपस्थित संत समाज को मंत्रमुग्ध कर दिया। फूलों से सुसज्जित भगवान के विग्रह की अनुपम सुंदरता देखते ही बन रही थी, जो सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। इस अवसर पर उपस्थित सभी संतों ने राष्ट्र और समाज की सुख-शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। इस आयोजन ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर जीवंत कर दिया, जिससे दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं को एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। दशरथ महल में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर अयोध्या की धार्मिक महत्ता और परंपरा को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





