गुरुद्वारा नज़रबाग में गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर रक्तदान शिविर।
संजय यादव,अयोध्या।
गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर अयोध्या के नज़रबाग स्थित गुरुद्वारा में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों ने भाग लिया। इसके साथ ही दंत चिकित्सकों की टीम ने श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क दांतों की जांच सेवा भी प्रदान की।
रक्तदान शिविर की शुरुआत गुरुद्वारा नज़रबाग के जत्थेदार बाबा महेन्द्र सिंह ने स्वयं रक्तदान कर की। इसके बाद भवदीय एजुकेशन के प्रबंधक अवधेश वर्मा, सिख समाज की अनेक महिलाएं व पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर जत्थेदार बाबा महेन्द्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “गुरु अर्जन देव जी का बलिदान हमें सेवा, सच्चाई और समर्पण की राह पर चलने की प्रेरणा देता है।” वहीं, गुरुद्वारा नज़रबाग के सेवादार नवनीत सिंह ने जानकारी दी कि हर वर्ष गुरु जी के शहीदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से उनकी स्मृति को जीवंत रखा जाता है।श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शबील और चना वितरण की भी व्यवस्था की गई, जिससे सैकड़ों श्रद्धालु लाभान्वित हुए। आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर जो भी रक्त एकत्र किया गया है, वह देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर जवानों को समर्पित किया गया है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





