जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्गों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
संजय यादव,अयोध्या।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे ने आज 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनौरा नाका से हनुमानगढ़ी के पास चल रहे चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सीवर लाइन और पाइपलाइन के अधूरे कार्यों को भी जल्द समाप्त करने को कहा।
जनौरा के पास सड़क के बीच में लगे ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों को हटाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सीवर मेनहोल के कार्य में धीमी गति पर असंतोष जताया और जल निगम को गति बढ़ाने को कहा। संज्ञान गेस्ट हाउस के पास रुके रोड निर्माण कार्य को देख अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-3 को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।भीखापुर, आचारी का सगरा और सूर्यकुंड में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया, जहां जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निरीक्षण के दौरान हल्कारा का पुरवा के पास बन रहे ओवरब्रिज और सड़क कार्य की जानकारी ली गई। कांशीराम कॉलोनी के पास कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उसमें तेजी लाने को कहा। कारसेवकपुरम के पास नाला निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर राम प्रकाश तिवारी, एआरओ राजकुमार पांडेय, निर्माण खंड 3 व 4 के अधिशासी अभियंता, एई, जेई सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





