

विज्ञापन
इंद्रलोक की तरह सजा सरंगवास का सोनाणा खेतलाजी व ब्राह्मणी माता धाम।
सारंगवास खेतलाजी मेला आज से,सुबह वरघोड़े तो शाम को हॉर्स शो,रात्रि में इंडियन आइडल सवाई भाट के सुरों से सजेगी सांझ।
देसूरी 29 मार्च।
सरंगवास स्थित श्री सोनाणा खेतलाजी तीर्थ धाम पर शुरू हो रहे 51वें वार्षिक लक्खी मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दो दिवसीय इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण आज रविवार शाम 4 बजे आयोजित होने वाला भव्य हॉर्स शो रहेगा, जिसमें न केवल राजस्थान के घुड़सवार अपनी परंपरागत वीरता और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि 50 से अधिक विदेशी पर्यटक भी इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं। वही सोमवार को गैर नृत्य दलों की शानदार प्रस्तुतियां इस मेले को ओर भी खास बनाएंगी।
हॉर्स शो में दिखेगा शौर्य और घुड़सवारी का कौशल
रविवार की सुबह 8 बजे मंदिर का श्रृंगार होगा, जिसके बाद 10:15 बजे भव्य वरघोड़ा निकलेगा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे। लेकिन असली आकर्षण शाम 4 बजे से शुरू होने वाला हॉर्स शो रहेगा। इस रोमांचक आयोजन में घुड़सवार अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करेंगे, जिसमें पारंपरिक घुड़दौड़, अश्व नृत्य और विविध कलात्मक करतब शामिल होंगे।
रात्रि में भजन संध्या में डूबेंगे श्रद्धालु
हॉर्स शो के बाद रात्रि 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें इंडियन आइडल सवाई भाट मुख्य आकर्षण होंगे। आशा वैष्णव, नीता नायक, लेहरूदास वैष्णव और शंकर टॉक जैसे प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर करेंगे।
सोमवार को गैर नृत्य से गूंजेगा मेला परिसर
सोमवार की सुबह मंदिर पर ध्वजारोहण और पूजा-अर्चना के बाद प्रातः 9 बजे स्थापना अनुष्ठान होगा। इसके बाद दोपहर 10 बजे गैर नृत्य का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए करीब 60 गैर नृत्य दल अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोक संस्कृति का रंग बिखेरेंगे। परंपरागत वेशभूषा में सजे इन दलों की नृत्य प्रस्तुति ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्तिरस और उमंग का अद्भुत संगम होगी।
‘पैदल संघ पहुंचने हुए शुरू’
मेले में शनिवार से मेलार्थियों का जमघट शुरू हो गया हैं।जालोर,सिरोही,पाली,बाड़मेर इत्यादि जिलों में खेतलाजी के दर्शनार्थ मेलार्थियों के पैदल संघ नाचते गाते व झूमते पहुंच रहे हैं। ट्रस्ट कमेटी ने पैदल संघ के जातरुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया।
सज गया मेला,ट्रस्ट कमेटी ने दिया अंतिम रूप
मेला स्थल पर शनिवार को ही लोग जुटना शुरू हो गए हैं। झूले,रोशनी,मनोरंजन,खाने पीने की दुकानें,हाट बाजार लम्बी चौड़ी नदी में पसर गया हैं और रात को झिलमिलाती रोशनी में खूबसूरत नजारा पेश कर रहा हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष भगाराम चौधरी, भक्तराज राजेंद्र कुमार शांतिलालजी भंडारी,सचिव महेश अखावत,कोषाध्यक्ष मूलाराम मेघवाल,उपाध्यक्ष रताराम,सहसचिव अशोक सिंह राजपुरोहित,सहकोषाध्यक्ष दिनेश लोहार,सहित ट्रस्ट सदस्यगण छतरसिंह सोलंकी,खरताराम चौधरी,मांगीलाल चौधरी,रामलाल प्रजापत,कमलेश सोनी,खरताराम मेघवाल,रताराम चौधरी,दिनेश आदिवाल व रमेश चौधरी ने सभी व्यवस्थाओं व सुरक्षा बंदोबस्त का पुनः निरीक्षण कर मेले को अंतिम रूप दे दिया हैं।
भक्ति, शौर्य और संस्कृति का अद्भुत संगम
सोनाणा खेतलाजी का यह लक्खी मेला हर साल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होता है। आज के हॉर्स शो में जहां शौर्य और वीरता की झलक मिलेगी, वहीं कल गैर नृत्य में लोक संस्कृति के रंग बिखरेंगे। दो दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, रोमांच और परंपरा से भरपूर रहेगा।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





