शिक्षक हितों के मुद्दों पर सपा ने भरी हुंकार,संजय त्रिपाठी के समर्थन का दावा
अयोध्या।गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान से पहले आलापुर के सपा विधायक एवं चुनाव प्रभारी त्रिभुवन दत्त ने अयोध्या में प्रेसवार्ता कर निष्पक्ष चुनाव की मांग उठाई। उन्होंने दावा किया कि निष्पक्ष चुनाव होने पर सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।त्रिभुवन दत्त ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के भरोसे को जरूरी बताते हुए बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती की मान्यता, संस्कृत विद्यालयों और मदरसों के स्थायीकरण तथा तदर्थ शिक्षकों के नियमितीकरण सहित शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि नारायण गुट के शिक्षक संघ ने बैठक और विचार-विमर्श के बाद सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी को समर्थन देने का निर्णय लिया है।सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि शिक्षकों का समर्थन और शिक्षक हितों के लिए पार्टी का संघर्ष प्रत्याशी के पक्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।प्रेसवार्ता में प्रदेश सचिव एवं चुनाव प्रभारी छोटे लाल यादव, महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह, महासचिव घनश्याम यादव, श्री चंद यादव, लवलेश पांडेय और सूर्यकांत पांडेय सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432




