सिंधी विद्यार्थियों को वितरित की गईं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें

SHARE:

सिंधी विद्यार्थियों को वितरित की गईं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें

अयोध्या। रामनगर कॉलोनी स्थित संत गुलूराम दरबार में रविवार को उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी, लखनऊ के सहयोग से सिंधी विषय का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। सिंधी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के लिए इस वर्ष 50 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिंधी सेंट्रल पंचायत के मुखिया ओमप्रकाश अंदानी ने कहा कि सिंधी भाषा समाज की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सिंधी भाषा के सहायक आचार्य कपिल कुमार ने कहा कि भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शिक्षा सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने से उन्हें अध्ययन में सहायता मिलती है और सिंधी विषय के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने इस पहल के लिए सिंधी अकादमी के प्रति आभार जताया।
विशिष्ट अतिथि भक्त प्रहलाद सेवा समिति के महासचिव ओमप्रकाश ‘ओमी’ ने कहा कि भाषा और संस्कृति को जीवित रखने के लिए नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से सिंधी भाषा की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की अपील की।दोनों अतिथियों ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर सिंधी विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। योजना के तहत हाईस्कूल उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 3,500 रुपये और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी अकादमी की ओर से प्रदान की जाती है।कार्यक्रम में कोमल लखमानी, गीत हासानी, सपना खेतपाल, कनक चैनानी, प्रिया आहूजा, कुमकुम मोटवानी, योगिता माखेजा और खुशी वलेचा सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने सिंधी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास की सराहना की।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment