पति पर दुष्कर्म और अप्राकृतिक दुराचार का आरोप, महिला ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की
अयोध्या।
रामनगरी के तुलसी उद्यान में आयोजित प्रेस वार्ता में पीड़िता जया पाठक ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में पति पर दुष्कर्म, अप्राकृतिक दुराचार, धमकी देने और लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।पीड़िता जया पाठक के अनुसार उनका विवाह 19 अक्टूबर 2014 को प्रतापगढ़ निवासी देवेन्द्र नाथ पाठक के साथ हुआ था। उनका एक करीब 10 वर्षीय पुत्र है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति लंबे समय से अयोध्या में रह रहे हैं और वर्तमान में कौशल्या घाट क्षेत्र स्थित अनादि भवन के आसपास किसी महिला के साथ रह रहे हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उन्हें और उनके बच्चे को पर्याप्त सहयोग नहीं दिया। शिकायतीपत्र के मुताबिक, बच्चे के भरण-पोषण को लेकर न्यायालय में मामला चल रहा है। जया का आरोप है कि वर्ष 2025 में पति बच्चे को अपने साथ अयोध्या ले आए। 27 जुलाई 2026 को बच्चे से मिलने के लिए वह अपनी ससुराल पहुंचीं। आरोप है कि उसी रात पति ने उनकी इच्छा के विरुद्ध उनके साथ दुष्कर्म और अप्राकृतिक दुराचार किया तथा किसी को बताने पर बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।जया पाठक ने शिकायत में आरोप लगाया कि पति अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें लगातार डराते-धमकाते रहे। उन्होंने कहा कि वह अब कथित अत्याचार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ना चाहती हैं।महिला ने एसएसपी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या और मुख्यमंत्री को भी भेजे जाने का उल्लेख किया गया है। पुलिस की ओर से शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने अथवा आरोपों की पुष्टि के संबंध में आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





