चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
निकुंभ
कस्बे में विगत 45 दिनों से चल रही प्रवचन श्रृंखला में शासन दीपक निश्चल मुनि आदि ठाणा 2 के प्रवचन सुनने के लिए समता भवन में कानोड़, भींडर, भोपाल सागर, निंबाहेड़ा, बड़ी सादड़ी, छोटी सादड़ी, चिकारड़ा ,भानुजा, भदेसर, डूंगला और बिनोता के कई श्रावकों ने उपस्थित रहकर मुनिश्री द्वारा जीवन का सत्य बताने एवं मानव धर्म का बोध कराने वाले वाले प्रखर प्रवचनों का लाभ लिया। इस अवसर पर ओसरा लाभार्थी साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष महावीर कुमार मेहता की और से समस्त प्रवचन लाभार्थी श्रावकों के लिए स्नेह भोज एवं प्रभावना वितरण का आयोजन रखा गया। अध्यक्ष मेहता ने बाहर गांव से आने वाले सभी श्रावकों से चातुर्मास के दौरान नियमित प्रवचन सुनने का विनय पूर्वक आग्रह करते हुए शासन दीपक मुनि श्री के सारगर्भित प्रवचनों को अपने वास्तविक जीवन में उतारने का अनुनय- वंदन किया। मंत्री सुरेश कुमार सहलोत ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। समता युवा संघ के मंत्री प्रदीप कुमार जैन द्वारा तैला की तपस्या पूर्ण करने पर हर्ष अनुमोदना की गई। श्रावक नंदलाल सालवी द्वारा 31 दिवस की तपस्या पूर्ण करने एवं इसे आगे भी निरंतर जारी रखने की भावना होने पर सुख साता तप की कामना की गई। सनातन श्रावकों की ओर से श्रावक प्रेम सिंह सिसोदिया ने गुरु वंदन अभिनंदन कर गुरु के कड़वे प्रवचनों को भी मानव कल्याण के लिए आत्मसात करने का आग्रह किया।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





