चित्तौड़गढ़ में निजी बस की टक्कर से दो कॉलेज छात्राएं घायल,चालक बस सहित फरार

SHARE:

चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया
चित्तौड़गढ़ में निजी बस की टक्कर से दो कॉलेज छात्राएं घायल, चालक बस सहित फरार
चित्तौड़गढ़, बुधवार। शहर में बुधवार दोपहर एक निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो कॉलेज छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा कलेक्टर बंगले के सामने प्रताप सर्किल के निकट हुआ। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्राएं बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल छात्राओं को तत्काल श्री सांवलियाजी जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल छात्राओं की पहचान कृष्णा जाट और भव्या चुणावत के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
पूर्व में भी हो चुका है ऐसा हादसा
गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी जिला कलेक्टर चौराहे के निकट एक दर्दनाक हादसा सामने आया था। उस समय राजनंदिनी बस की चपेट में आने से खानाबदोश समुदाय के रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि बस चालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे सड़क पर घसीटते हुए एक ओर पटक दिया था। बाद में उपचार के दौरान रणजीत सिंह की मृत्यु हो गई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद शहर में निजी बसों की लापरवाह एवं तेज रफ्तार आवाजाही को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवाने तथा दोषी बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment