चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया जाड़ावत का हमला— “बहुत हुई महंगाई की मार, वापस लाओ कांग्रेस सरकार”
पुलिस कर्मियों के सम्मान के मुद्दे पर भी गरजी कांग्रेस,मंत्री से माफी की मांग।
चित्तौड़गढ़। देशभर में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस एवं रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के आसमान छूते दामों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति महोदया के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “बहुत हुई महंगाई की मार, वापस लाओ कांग्रेस सरकार” और “मोदी है तो महंगाई है” जैसे नारों के माध्यम से केंद्र सरकार को घेरा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे, जिससे आयोजन राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली नजर आया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता आज महंगाई की मार से त्रस्त है। रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें, दूध, पेट्रोल-डीजल सहित हर आवश्यक वस्तु के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और युवा सभी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जाड़ावत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि आमजन की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर लगातार बढ़ाए जा रहे टैक्स और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आमजन की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी और महंगाई ने मिलकर जनता का जीवन कठिन बना दिया है। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया से मांग की कि केंद्र सरकार को महंगाई पर नियंत्रण करने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दाम कम करने तथा आमजन को राहत देने के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय और गर्म हो गया जब सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने राज्य के सहकारिता मंत्री द्वारा पुलिस कर्मियों के प्रति कथित अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं और प्रशासनिक गरिमा को ठेस पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जाड़ावत ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच पर उनका अपमान करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री सत्ता के मद में अनुशासन और संवैधानिक मर्यादाएं भूलते जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में स्पष्ट रुख अपनाने, मंत्री से सार्वजनिक माफी मंगवाने तथा मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार कांग्रेस द्वारा महंगाई के मुद्दे को आक्रामक रूप से उठाना आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चित्तौड़गढ़ में हुए इस प्रदर्शन को कांग्रेस के जनाधार को मजबूत करने और भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में विधानसभा संगठन प्रभारी नरेंद्रसिंह गुढ़ा, वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, शहर अध्यक्ष अनिल सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष विक्रम जाट, प्रदेश सचिव रणजीत लोट, पूर्व सभापति रमेशनाथ योगी, उपसभापति कैलाश पंवार, जिला उपाध्यक्ष नगेंद्र सिंह राठौड़, अभिमन्यु सिंह जाड़ावत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेणु कंवर राठौड़, गायत्री चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





