पूज्य गुरुदेव फलाहारी बाबा का जीवन लोक कल्याण को समर्पित।

SHARE:

पूज्य गुरुदेव फलाहारी बाबा का जीवन लोक कल्याण को समर्पित था:महंत सीताराम शरण

अयोध्या। शास्त्री नगर (मीरापुर डेराबीबी) स्थित श्री राज गोपाल मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था अनंत श्री विभूषित, साकेतवासी महंत कौशल किशोर शरण ‘फलाहारी बाबा’ की पुण्यतिथि का। इस उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन मंगलवार को विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
मानस की चौपाइयों से गूंजा मंदिर परिसर
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत 18 अप्रैल को संगीतमय श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ से हुई। संपुट पाठ की मधुर ध्वनि के बीच 19 अप्रैल को पाठ का विश्राम हुआ। मंगलवार को आयोजित भंडारा उत्सव में दोपहर से ही ‘जय सियाराम’ के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
संत सेवा को बताया सर्वोपरि धर्म
भंडारे के दौरान मंदिर के महंत सीताराम शरण और अधिकारी सर्वेश्वर दास ‘शरद’ ने पधारे हुए संतों का भावपूर्ण स्वागत किया। संतों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और भोजन उपरांत पारंपरिक रीति से दान-दक्षिणा देकर विदा किया गया।
महंत सीताराम शरण ने कहा कि पूज्य गुरुदेव फलाहारी बाबा का जीवन लोक कल्याण को समर्पित था। उनकी स्मृति में संतों और भक्तों की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि वैष्णव परंपरा का निर्वहन ही इस सेवा कार्य का मूल उद्देश्य है।

देर शाम तक चलता रहा प्रसाद वितरण
कार्यक्रम में राजगोपाल परिवार के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन की सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते हजारों लोगों ने शांति और अनुशासन के साथ प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment