2100 किलो फूलों से सजा बाबा श्याम का दिव्य दरबार।

SHARE:

2100 किलो फूलों से सजा बाबा श्याम का दिव्य दरबार,शुभम-रूपम के भजनों पर झूम उठा पाली

भारत के कई शहरों व बैंकॉक से मंगाए गए फूल, 25वें वार्षिकोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

पाली।
पाली में श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित खाटू वाले श्री श्याम प्रभु के 25वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत गुरुवार रात्रि को स्थानीय अग्रसेन वाटिका में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कोलकाता से पधारी श्याम जगत की सुप्रसिद्ध भजन गायक जोड़ी शुभम एवं रूपम ने अपने मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर हजारों श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में सराबोर कर दिया।

भजन संध्या के दौरान अग्रसेन वाटिका परिसर श्याम भक्तों से खचाखच भरा नजर आया। श्रद्धालु देर रात तक बाबा श्याम के जयकारों और भजनों की धुन पर झूमते रहे। शुभम-रूपम ने “जी कर रहा है आप पे ये जान वार दूं”, “रात कल सांवरे का ख्वाब आया”, “तेरा सिंहासन क्यों हिल रहा है, क्या कोई अर्ज़ी लगा रहा है”, “म्हारी नंदोली जो म्हारे से नाराज हो गई”, “खाटू जो जाकर आई इकली” जैसे लोकप्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनके सुरों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भावविभोर होकर संकीर्तन में शामिल होते रहे।

भजनों के बीच-बीच में श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा पाली शहर श्याम भक्ति के रंग में रंग गया हो।

2100 किलो फूलों से सजा बाबा श्याम का भव्य दरबार
वार्षिकोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का अत्यंत आकर्षक और दिव्य दरबार सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दरबार की सजावट के लिए करीब 2100 किलो ताजे और रंग-बिरंगे फूलों का उपयोग किया गया।

विशेष बात यह रही कि सजावट के लिए भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ बैंकॉक से भी विशेष और ओरिजनल फूल मंगवाए गए, जिनसे बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। सुगंधित और आकर्षक पुष्प सज्जा से पूरा दरबार मनमोहक नजर आया और श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद लेते रहे।

महिलाओं ने घरों में बनाकर लाए 56 भोग
वार्षिकोत्सव की विशेषता यह भी रही कि मंडल की महिला सदस्यों ने बाबा श्याम के लिए 56 प्रकार के व्यंजन अपने-अपने घरों में श्रद्धा भाव से तैयार किए और उन्हें भोग के रूप में अर्पित करने के लिए आयोजन स्थल पर लेकर आईं। विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, पकवान और प्रसाद से सजा यह भोग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

आरती के लिए रंग-बिरंगे दीपकों की सजावट
बाबा श्याम की आरती को भी विशेष रूप देने के लिए मंडल की महिलाओं ने अलग-अलग रंगों से दीपकों को आकर्षक ढंग से सजाया। आरती के समय सैकड़ों दीपकों की रोशनी से पूरा दरबार जगमगा उठा और भक्तों ने सामूहिक रूप से बाबा श्याम की आरती कर भक्ति भाव से जयकारे लगाए।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
कार्यक्रम के दौरान मंडल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा भक्तों के बैठने, दर्शन और प्रसाद वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई। पाली शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस भव्य आयोजन में शामिल हुए और देर रात तक भजन संध्या का आनंद लेते रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जुटे मंडल के सदस्य
श्री श्याम मित्र मंडल के इस 25वें वार्षिकोत्सव को सफल बनाने के लिए मंडल के महिला एवं पुरुष सदस्य कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। कार्यक्रम के दौरान भी सभी सदस्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से लगे रहे। इनमें राजीव डालमिया, अंकित अग्रवाल, ललित पोद्दार, प्रतीक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अमन अग्रवाल, नितेश सर्राफ, रवि अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, निखिल मुरारका, शिवजी दायमा, पवन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, दिव्या सर्राफ, मोनिका डालमिया, नेहा अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, अंजू लड़िया, पूजा अग्रवाल, पूजा चमड़िया, आभा अग्रवाल, सोनी मुरारका, उषा अग्रवाल, नम्रता रुंगटा, पूनम सिंघानिया सहित अनेक सदस्यों ने अपनी सेवाएं देकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment