सवारियां बैठाने के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
चितौडगढ नरेन्द्र सेठिया
भादसोड़ा से होड़ा चौराहा पर सवारियों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक बस कंडक्टर की मौत हो गई। बाद आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
घटना जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के होड़ा चौराहे इलाके में शनिवार की है। मारपीट में घायल हुए बस कंडक्टर जगन्नाथ गुर्जर (52) ने शाम पांच बजे चित्तौड़गढ़ के सरकारी हॉस्पिटल में रेफर करने के दौरान बीच रास्ते में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा कि होडा चौराहा पर ऑटो चालक और जगन्नाथ के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि भादसोड़ा के एक ऑटो चालक ने मारपीट की, जिससे जगन्नाथ की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार होड़ा चौराहा और भादसोड़ा चौराहे पर निजी बसों और ऑटो ड्राइवरों के बीच हमेशा सवारियों को लेकर विवाद रहता है।
शनिवार को भी सवारियां बैठाने को लेकर निजी बस कंडक्टर जगन्नाथ गुर्जर और ऑटो ड्राइवर सत्यनारायण कलाल के बीच बहसबाजी शुरू हो गई थी।
होड़ा चौराहे पर जैसे ही जगन्नाथ बस से उतरा सत्यनारायण समेत अन्य ऑटो चालक ने घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। जगन्नाथ के परिजनों ने बताया कि इस दौरान ऑटो ड्राइवर सत्यनारायण ने ईंट से हमला किया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
घायल को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
घटना के दौरान गांव के ही निवासी कन्हैया लाल गुर्जर को इस बात की जानकारी मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस को फोन किया। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल जगन्नाथ को जिला हॉस्पिटल ले जाया जाने लगा।
लेकिन हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने बीच रास्ते ही दम तोड़ दिया।
कन्हैयालाल पिता ओंकार लाल गुर्जर निवासी होडा ने बताया कि हॉस्पिटल ले जाते समय जगन्नाथ गुर्जर ने दम तोड़ने से पहले सत्यनारायण कलाल का नाम लिया था। इस बीच भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शव को मॉच्र्युरी में रखवाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। भदेसर पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सवारियों को लेकर बस चालकों और ऑटो चालकों के बीच लंबे समय से तनाव चलता आ रहा है, जिसे समय रहते नहीं रोका गया और आज यह बड़ी वारदात हो गई।
भदेसर थानाधिकारी घेवर चंद ने बताया कि शाम को घटना की जानकारी मिली थी। मृतक नाहरगढ़ का रहने वाला है। ऑटो ड्राइवर और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इसके बाद से वह फरार हो गया। परिजनों ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट दर्ज कर ली आरोपियों की तलाश जारी है
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





