दिन दहाड़े फायरिंग में रमेश ईनाणी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल,पुलिस जांच में जुटी।
नरेन्द्र सेठिया चित्तौड़गढ़।
शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सिटी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की इस सनसनीखेज घटना में रमेश ईनाणी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास मौजूद लोगों ने घायल रमेश ईनाणी को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली उसके पैर में लगी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक विनय चौधरी, सदर थाना अधिकारी निरंजन प्रताप सिंह और कोतवाली थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर मौके की जांच शुरू कर दी है।
फायरिंग की वारदात शहर के अत्यंत व्यस्त क्षेत्र में हुई होने से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घायल और हमलावरों के बीच किसी पुराने विवाद की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात सामान्य किए।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





