ब्लड मैन आकाश गुप्ता को झारखंड में ‘संघर्ष ज्योति सम्मान’ से नवाजा गया।
सात राज्यों में 52 बार कर चुके हैं रक्तदान, 10 हजार से अधिक मरीजों को दिला चुके हैं जीवनदान
अयोध्या। जिले के सामाजिक कार्यकर्ता और रक्तदाता ब्लड मैन के नाम से प्रसिद्ध आकाश गुप्ता को रक्तदान के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए झारखंड के धनबाद जिले में संघर्ष ज्योति सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर प्रदान किया।
यह राष्ट्रीय समारोह रोटी बैंक यूथ क्लब द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के 22 राज्यों से समाजसेवी और रक्तदाता शामिल हुए। आकाश गुप्ता ने यह सम्मान अयोध्या के उन रक्तदाताओं को समर्पित किया जो हर वक्त, यहां तक कि आधी रात को भी, जरूरतमंदों की मदद को तैयार रहते हैं।
2016 से शुरू हुआ सेवा सफर
आकाश गुप्ता रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य हैं। 2016 से अब तक उन्होंने अयोध्या में 170 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित कर 10,000 से ज्यादा मरीजों को ब्लड उपलब्ध कराया है। स्वयं बी निगेटिव जैसे रेयर ब्लड ग्रुप के रक्तदाता होने के बावजूद वे देश के सात राज्यों में 52 बार रक्तदान कर चुके हैं और उन्हें दस से अधिक राज्यों में सम्मानित किया जा चुका है।
सेवा की प्रेरणा शहीद पिता से
उन्होंने बताया कि उन्हें समाजसेवा की प्रेरणा अपने पिता स्व. कृष्णलाल गुप्ता से मिली है, जिनकी 12 अप्रैल 1991 को पंजाब में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा, प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में खून की कमी से कोई जान न जाए, यही हमारा संकल्प है।आकाश गुप्ता का कार्य आज युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गया है, जो सेवा और समर्पण के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश देता है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





