अयोध्या को दीपोत्सव पर मिलेगा वैक्स म्यूजियम का तोहफा,परिक्रमा मार्ग पर बन रहा 10 हजार वर्ग फीट में भव्य संग्रहालय।

SHARE:

अयोध्या को दीपोत्सव पर मिलेगा वैक्स म्यूजियम का तोहफा।
परिक्रमा मार्ग पर बन रहा 10 हजार वर्ग फीट में भव्य संग्रहालय।

अयोध्या।

दीपोत्सव 2025 पर अयोध्या को एक और ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर भगवान श्रीराम व रामायण के 50 से अधिक पात्रों का जीवंत प्रदर्शन करने वाला वैक्स म्यूजियम बनकर तैयार हो रहा है। यह म्यूजियम श्रीराम जन्मभूमि परिसर के परिक्रमा मार्ग पर 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बन रहा है। परियोजना पर अब तक लगभग 7.5 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।
आकर्षण का केंद्र होंगे मोम के पुतले
म्यूजियम में श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव, जटायु समेत कई प्रमुख पात्रों के पुतले प्रदर्शित किए जाएंगे। इन पुतलों को जीवंत स्वरूप देने हेतु महाराष्ट्र और केरल के विशेषज्ञ मिलकर कार्य कर रहे हैं।
ऑडियो-विजुअल तकनीक से रोमांचित होंगे दर्शक
रामायण के प्रमुख प्रसंग जैसे राम-रावण युद्ध, सीता हरण और राम-सेतु निर्माण को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इंटरैक्टिव डिस्प्ले और ऑडियो विजुअल इफेक्ट विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को आकर्षित करेंगे।
दीपोत्सव पर जनता को समर्पित होगा संग्रहालय
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर संचालित है और निर्माण की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है। म्यूजियम का उद्घाटन दीपोत्सव 2025 के अवसर पर प्रस्तावित है।
सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया आयाम
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि यह म्यूजियम अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक व सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment