बरसात ने खोली नगर निगम की पोल, अयोध्या नगरवासी बेहाल: सरोज यादव
जनहित की अनदेखी पर महिला जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल
अयोध्या। बारिश ने एक ओर जहां मौसम सुहाना बना दिया है, वहीं दूसरी ओर अयोध्या नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। भारी बारिश के चलते नालों के चोक होने, जलभराव, टूटी सड़कों और बिजली व्यवस्था के अभाव से नगरवासी बेहद परेशान हैं। इस बदहाल व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी की जिला अध्यक्ष सरोज यादव ने नगर निगम पर जमकर निशाना साधा।
सरोज यादव ने कहा कि बरसात आते ही नगर निगम की तैयारियों की सच्चाई सामने आ गई है। शहर के विभिन्न वार्डों में नालियां बजबजा रही हैं, जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, सड़कों की हालत जर्जर है और कई इलाकों में बिजली तक नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनावों के समय जनता की समस्याओं को याद करते हैं, लेकिन जीतने के बाद सब कुछ भूल जाते हैं।
41 गांव विकास से कोसों दूर
सरोज यादव ने विशेष रूप से अयोध्या नगर निगम में हाल ही में समाहित किए गए 41 गांवों की बदहाली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “इन गांवों में न तो जलनिकासी की कोई व्यवस्था है, न ही सड़कें बनी हैं। बिजली की हालत भी चिंताजनक है। आश्चर्य की बात यह है कि इन इलाकों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, फिर भी नगर निगम टैक्स वसूल रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “प्रदेश सरकार अयोध्या के विकास का चाहे जितना ढिंढोरा पीट ले, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। राजश्री वाल्मीकि एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कई बार उतर चुके हैं, लेकिन एयरपोर्ट के नजदीकी इलाकों की दुर्दशा देखकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
महापौर के दौरे को बताया दिखावा
सरोज यादव ने नगर निगम महापौर के वार्डों के निरीक्षण को दिखावा करार देते हुए कहा कि “दौरे सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं। जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हो रहा। नगर निगम के पास समस्याओं का समाधान करने की इच्छाशक्ति नहीं है।
जनता त्रस्त, प्रशासन मौन
बारिश के चलते नालियों में गंदा पानी बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई मोहल्लों में बिजली और जलापूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है। सरोज यादव ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि वह तत्काल इस दिशा में ठोस कदम उठाए और नगर निगम की कार्यप्रणाली की जांच कर जनता को राहत पहुंचाए।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





