मंगल पांडेय एवं गुरनानकपुरा वार्ड में नगर की सरकार आपके द्वार अभियान।

SHARE:

चौक पार्क का होगा सुंदरीकरण, चालू होगा फौव्वारा।
मंगल पांडेय एवं गुरनानकपुरा वार्ड में नगर की सरकार आपके द्वार अभियान।
.खुली नालियों पर रखें जाएंगे पत्थर, क्षतिग्रस्त गलियों की होगी मरम्मत
.सफाई व्यवस्था पर नागरिकों ने जताया, अतिक्रमण हटवाने की मांग।

संजय यादव,अयोध्या।

नगर का हृदय जमुनियाबाग तिराहा। सुबह के सात बजे हैं। यहां उप सभापति राजेश गौड़ एवं अपर नगर आयुक्त बागीश शुक्ल की अगुआई में नगर निगम की टीम मौजूद है। इसी बीच महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी पहुंचते हैं। यहां भ्रमण शुरू होने के पहले ही अरुण कुमार अरोड़ा नाली बनवाने के लिए महापौर एवं पार्षद का आभार जताते हैं और लाइट गेट के पीछे नाले की सफाई कराने का आग्रह करते हैं। इसके बाद काफिला चौक की ओर चल पड़ता है।
चंद कदम की दूरी तय करते ही सेंट्रल बैंक के सामने नाली भठी दिखती है। महापौर तुरंत मुख्य सफाई निरीक्षक कमल कुमार को बुलाते हैं और उनसे कारण पूछते हैं। वह नाली पर अतिक्रमण होने की बात कहते हैं, जिस पर अतिक्रमण हटवाने एवं सफाई तत्काल कराकर मुख्य नाली से जोड़ने की हिदायत देते हैं। कोठा पार्चा में सफाई कर्मी अपने काम में तल्लीन दिखते हैं। इस पर सफाई कर्मियों को शाबाशी देते हैं।
चौक पहुंचने पर घंटाघर के पहले कार्नर पर रखे विशालकाय कूड़ादान को हटवाकर वहां सफाई करवाने एवं बैरीकेडिंग कराने, घंटाघर पर लाइट लगवाकर खूबसूरती बढ़वाने का निर्देश देते हैं। इस बीच चौक पार्क में लगे नेडा के जलप्याऊ पर निगाह पड़ती है। वह बटन दबाकर चेक करते हैं तो पानी नहीं आता। फौव्वारा भी बंद मिलता है। इससे त्योरी चढ़ जाती है। इसके लिए जिम्मेदार अमले को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहते हैं।
अब तक लाइटगेट पहुंच चुके महापौर नाला साफ करने एवं टूटे पत्थरों को बदलने का निर्देश देते हैं। कई जगह नाली खुली देखकर पत्थर रखवाने की हिदायत महापौर ने दी। सड़क के बाईं पड़े खंभे व केबल को हटवा कर सफाई कराने के निर्देश सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय को दिए। थोड़ा आगे बढ़ने पर एक प्लांट में कुछ गाड़ियां खड़ी थीं। इस पर महापौर ने उसे रेगुलराइज कर पार्किंग का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। यहां महापौर ने एक घर का दरवाजा खटखटाया तो बाहर आए गृह स्वामी सफाई को लेकर संतोष जताया। उन्होंने हैंडपंप चलाकर जांच की। पूर्व पार्षद संग्राम सिन्हा के साथ बाल सुधार गृह के बगल स्थित सुलभ शौचालय जाकर सफाई की स्थिति देखी। यहां चौक से लाइट गेट मार्ग पर संकेतक लगवाने और महिलाओं के लिए पिंक शौचालय बनवाने का निर्देश दिया। कोठा पारचा में सीवर डालने का सुझाव रामजी महिंद्रा ने दिया। इस पर मेयर ने सहायक अभियंता राजपति यादव को स्टीमेट बनाने का निर्देश दिया।
वार्ड की तमाम समस्याओं से रूबरू होने के बाद काफिला गुरुनानक देव वार्ड की ओर मुड़ जाता है। अब तक काफिले में पार्षद अमित गुप्त भी शामिल हो चुके थे। यहां नाली में एंटी लार्वा डाला जा रहा था, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। हैदरगंज की गली में बढ़ने पर रामाश्रय चौहान ने शिवबरन यादव का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने का आग्रह किया। रमना जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत आलोक श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने की। मौके पर बड़ी तादाद में सड़क पर कबाड़ रखे दिखे। इस पर महापौर ने अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। यहां की गलियों में कई जगह अतिक्रमण की शिकायत मिली और नाला जाम दिखा। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण का सिलसिला दो घंटे से अधिक चला। इस दौरान महापौर ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कराने, मार्गों पर टूटी पटिया बदलवाने एवं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राममणि शुक्ला, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, अमरेंद्र सिंह कर्फ्यू, सुबोध चतुर्वेदी, आकाश यादव, पूर्व पार्षद अनुभव जायसवाल, अवनीश द्विवेदी, प्रांशु अग्रवाल, राम की घर संस्था की प्रमुख एकता भटनागर भी साथ रहे और नगर के विकास को लेकर सुझाव दिए।
—–इनसेट——
माह भर में आए 25 मरीज -रीडगंज चौराहे पर स्थित पब्लिक हेल्थ एटीएम का महापौर ने निरीक्षण किया। यहां तैनात कर्मचारी ने बताया कि माह में कुल 25 मरीज इलाज के लिए आए। यहां ईसीजी से लेकर खून की सभी जांच उपलब्ध थी। उन्होंने स्थानीय पार्षदों से मरीजों को हेल्थ एटीएम की जानकारी देने का सुझाव दिया। उन्होंने योगेश्वर सिंह के सुझाव पर हेल्थ एटीएम के बगल रखे कबाड़ रिक्शा हटवाने तथा स्ट्रीट लाइट लगवाने का निर्देश दिया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment