पृथ्वी दिवस पर अयोध्या के कुंडों की होगी विशेष सफाई, नगर आयुक्त ने दिया विशेष अभियान का निर्देश।
अग्निकुंड और मनिमुनि कुंड का होगा सौंदर्यीकरण, जल स्रोतों की स्वच्छता पर विशेष जोर।
संजय यादव,अयोध्या।
आगामी 22 अप्रैल को मनाए जाने वाले पृथ्वी दिवस के अवसर पर अयोध्या धाम के पौराणिक कुंडों की विशेष सफाई की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा यह पहल की गई है। इस सिलसिले में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने अयोध्या धाम के प्रमुख कुंडों का औचक निरीक्षण किया और सफाई तथा सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीताकुंड, विद्याकुंड, दशरथकुंड, मनिमुनि कुंड और अन्य पौराणिक जल स्रोतों का भ्रमण किया। नगर आयुक्त ने साफ निर्देश दिए कि पृथ्वी दिवस पर समस्त कुंडों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।उन्होंने जल की शुद्धता, जल निकासी, किनारों की सफाई, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही कुंडों की नियमित सफाई के लिए रोस्टर तैयार करने और वैज्ञानिक तरीके से प्लास्टिक व कचरे के निस्तारण के निर्देश दिए। कुंडों में सफाई के लिए पैडल बोट खरीदने का सुझाव भी नगर आयुक्त ने दिया।
प्रत्येक कुंड के बाहर एंटी लिट्रिंग संदेश और जनसमस्या समाधान हेतु टोल फ्री नंबर 1533 अंकित कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।
अग्निकुंड और मनिमुनि कुंड का होगा सौंदर्यीकरण
नगर आयुक्त ने बताया कि सीताकुंड वार्ड स्थित अग्निकुंड और मणिपर्वत के निकट स्थित मनिमुनि कुंड का सौंदर्यीकरण कार्य तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराया जाएगा। इस हेतु कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि जिन कुंडों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें नगर निगम को हैंडओवर किया जाए ताकि उनकी विधिवत देखरेख, स्वच्छता और संरक्षण किया जा सके।अंत में नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ और सुंदर अयोध्या का निर्माण तभी संभव है, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। कुंडों का संरक्षण केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी आवश्यक है।”
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





