प्रदेश में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के लिए विशेष अभियान:- डॉ मारवाल।
सीएमएचओ ने मीडिया आमुखीकरण में दी जानकारी, कहा- 24 मार्च तक चलेगा अभियान, टीबी की समय पर पहचान, उपचार एवं रोकथाम को किया जाएगा सुदृढ।
पाली।
पाली सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने कहा कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत पाली जिले में चिकित्सा विभाग की ओर से सम्पूर्ण जिले में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत की दिशा में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले में 24 मार्च 2025 तक संचालित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य टीबी (क्षय) रोग उन्मूलन को गति देना, समुदाय में टीबी की समय पर पहचान, उपचार एवं रोकथाम सुदृढ करना है।
यह जानकारी गुरुवार को उन्होंने पाली शहर के सुमेरपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित मीडिया आमुखीकरण में दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में अधिक से अधिक निक्षय मित्र को जोड़ा जाए एव इस अभियान के प्रमुख इंडिकेटर्स सदिग्ध टीबी मामलों की जांच (प्रति 1000 जनसंख्या पर 30 से अधिक), टीबी नोटिफिकेशन दर (प्रति 1000 जनसंख्या पर 1 से कम), उपचार सफलता दर (85 प्रतिशत लक्ष्य), ड्रग ससेप्टिबिलिटी टेस्ट (60 प्रतिशत मरीजों के लिए), निक्षय पोषण योजना का लाभ (100 प्रतिशत लक्ष्य), निक्षय मित्र द्वारा पोषण किट वितरण (100 प्रतिशत लक्ष्य) निर्धारित किए गए है। डॉ मारवाल ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अन्तर्गत पाली जिले में वर्ष 2023 में 19 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है और वर्ष 2024 में 124 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जायेगा, जिसमें 16 ग्राम पंचायतों को रजत एव 108 ग्राम पंचायतों को गांधीजी की कांस्य प्रतिमा दी जायेगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ उज़मा जबीन ने बताया कि इसमें जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न हितधारकों की भूमिका, आईईसी गतिविधियों, सम्भावित टीबी रोगियों की पहचान, उपचार दर, निक्षय पोषण योजना, निक्षय मित्र, तम्बाकू नियंत्रण, स्कूल प्रतियोगिताएँ, मीडिया अभियान, सामुदायिक जागरूकता और समापन समारोह जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों शामिल की गई है जिन्हें निर्धारित समय पर पूर्ण किया जायेगा। अभियान अन्तर्गत जिले में नारा लेखन, जागरूकता रैली, प्रभात फेरी, विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता, टीबी चैंपियनों की कार्यशाला, ग्राम सभाएँ, निक्षय मित्र, वीएचएसएन व एमएएस बैठकों एवम् विभिन्न आईईसी गतिविधियां की जा रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ.पीसी दीपन, डिप्टी सीएमएचओ डॉ विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत, टीबी कार्यक्रम के डीपीसी वियंग शर्मा, डीपीसी नंदलाल शर्मा, पीपीएम कोऑर्डिनेटर राजीव गहलोत, कुलदीप शर्मा, महावीर सिंह, ताराचंद, विकास सोनगरा आदि उपस्थित रहे।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





