चित्तौडगढ से नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट
मां सगरा माता मंदिर में दशहरे मेले का शुभारंभ
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया मेले का आगाज, राजस्थानी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा
चित्तौडगढ मां सगरा माता मंदिर परिसर में आज दशहरे मेले का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगरार के पूर्व प्रधान शक्तिसिंह, प्रधान रविंद्र सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष शंकर जाट मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सगरा माता समिति के जमनालाल जाट, मेला कमेटी अध्यक्ष दुर्गा सिंह, उपाध्यक्ष सहित हरिसिंह, हीरालाल मेनारिया, जगदीश सिंह, अनिल जाट, बालू जाट, भूर सिंह, मांगीलाल, बरदी शंकर और रविंद्र शर्मा ने अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें मां सगरा माता की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मेले के दौरान श्री देव म्यूजिकल ग्रुप गैजरा की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में डांसर अनोखी राजस्थानी, माही कोटा, नीतू इंदौर और नेहा राजस्थानी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। मंच संचालन दशरथ घोसुंडा ने किया।
रात्रि 9 बजे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें कलाकारों ने फिल्मी गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को संगीतमय बना दिया।
दुकानों और झूलों पर दिखी रौनक
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और खानपान के स्टॉल लगाए गए। यहां पहुंचे लोगों ने तरह-तरह के व्यंजनों का आनंद लिया। वहीं, बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले भी आकर्षण का केंद्र रहे।
मेले का पहला दिन होने के कारण श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम देखने को मिली। इसके बावजूद मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर निगरानी रखी। वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गईं, ताकि मेले में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मां सगरा माता मंदिर परिसर में शुरू हुआ दशहरे का यह मेला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजन का संगम बना हुआ है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432




