आरोपी की पुलिस की मुठभेड़,पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।

SHARE:

चितौडगढ,नरेन्द्र सेठिया की रिपोर्ट पेरोल पर बाहर आए अजयराज सिंह डेट हत्याकांड के आरोपी ईश्वर सिंह डेट की तलाश में हथियारबंद घूम रहे प्रेमसिंह चौहान से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़। सदर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर प्रेमसिंह चौहान राजपूत गुरुवार शाम पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में राजकीय जिला सांवलियाजी चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि अजयराज सिंह हत्याकांड का आरोपी ईश्वर सिंह डेट हाल ही में पेरोल पर जेल से बाहर आया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद उससे पुरानी रंजिश रखने वाला हिस्ट्रीशीटर प्रेमसिंह चौहान राजपूत अवैध हथियार लेकर उसकी तलाश में क्षेत्र में घूम रहा है तथा उस पर जानलेवा हमला करने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर शंभूपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी की। पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान प्रेमसिंह चौहान ने पुलिस दल को देखकर कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में राजकीय जिला सांवलियाजी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिस ट्रॉमा वार्ड में आरोपी भर्ती है, वहां सुरक्षा कारणों से आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने स्वयं चिकित्सालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेमसिंह चौहान राजपूत और ईश्वर सिंह डेट के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पुलिस को सूचना थी कि ईश्वर सिंह डेट के पेरोल पर बाहर आने के बाद प्रेमसिंह चौहान हथियारबंद होकर उसकी तलाश कर रहा था और किसी भी समय हमला कर सकता था।
पुलिस ने आरोपी प्रेमसिंह चौहान के कब्जे से एक अवैध हथियार, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त हीरो कंपनी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या सहयोग तो नहीं था। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि अजयराज सिंह डेट हत्याकांड का आरोपी ईश्वर सिंह डेट इन दिनों पेरोल पर जेल से बाहर है। पुलिस अब प्रेमसिंह चौहान की गतिविधियों, उसके संपर्कों तथा कथित हमले की पूरी योजना की गहन जांच कर रही है।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment